अलीगढ़ नगर निगम, बाराबंकी नगर पालिका, मुजफ्फरनगर नगर पालिका, शामली नगर पालिका तथा मेरठ नगर निगम ने संपर्क कर तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी ली है, जिससे कि नालों, नदियों के जल को प्रदूषण से मुक्त कर सकें। - महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त
गाजियाबाद: नालों और नालियों की सफाई के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने जो माडल तैयार किया, वह उत्तर प्रदेश के अन्य नगर निगम और नगरपालिकाओं ने अपनाने की तैयारी की है। इसके लिए लगातार गाजियाबाद नगर निगम के जलकल विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया है। दरअसल, गाजियाबाद नगर निगम ने एनजीटी के निर्देश पर जब नालों के पानी में आक्सीजन की जांच कराई तो वह शून्य पाई गई। जिस कारण नाले में प्रदूषण बढ़ रहा था। नालों में आक्सीजन न होने के कारण सूक्ष्म जंतु और पौधे जी नहीं पा रहे थे। पानी में घुलीय आक्सीजन छह-आठ मिलीग्राम प्रतिलीटर होनी आवश्यक है। ऐसे में नालों में आक्सीजन बढ़ाने के लिए देश का पहला सोलर स्मार्ट आक्सीजनेशन सिस्टम तैयार किया गया। जिससे कि नालों में रहने वाले सूक्ष्म जंतुओं और पौधों की जान बच सके और पानी से प्रदूषण कम हो सके। नालों का पानी हरनंदी नदी में जाता है, इसलिए हरनंदी नदी के पानी का प्रदूषण कम होगा। यही पानी हरनंदी से यमुना में फिर गंगा में मिलता है, इसलिए न केवल हरंनदी बल्कि यमुना और गंगा नदी में भी प्रदूषण कम होगा।
जल प्रदूषण को रोकने के संबंध में नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 25 अगस्त को कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम गाजियाबाद सहित उत्तर प्रदेश के समस्त नगर निगम व नगर पालिका द्वारा हिस्सा लिया गया। कार्यशाला में प्रशिक्षण टीम ने गंगा नदी के जीर्णोद्धार के लिए नालों व नदियों के जल के उपचार के कार्य की जानकारी दी गई। महापौर आशा शर्मा और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में शहर में नालों का बायोरेमेडिएशन (जैवोपचारण) का कार्य उच्च तकनीक से करने की जानकारी कार्यशाला में गाजियाबाद नगर निगम की ओर से डाक्टर उमर सेफ, सहायक अभियंता जलकल आस कुमार ने दी। सभी नगर निगमों और प्रशिक्षण टीम ने इस माडल को सराहा और नाले, नदियों की सफाई के लिए इसे अपनाने के लिए कहा। बयान गाजियाबाद नगर निगम की तर्ज पर अन्य नगर निगम ने भी नालों और नदियों के पानी की सफाई की तैयारी की है। अलीगढ़ नगर निगम, बाराबंकी नगर पालिका, मुजफ्फरनगर नगर पालिका, शामली नगर पालिका तथा मेरठ नगर निगम ने संपर्क कर तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी ली है, जिससे कि नालों, नदियों के जल को प्रदूषण से मुक्त कर सकें। - महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त