
आगरा के कमला नगर में शनिवार को तीन पीड़ित युवकों ने दो शातिरों को दबोचा था। आरोप लगाया था कि दोनों युवक सेना भर्ती के नाम पर ठगी करते हैं। रविवार को कमला नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शातिर सेना भर्ती के नाम पर ठगी करने के लिए फर्जी वेबसाइट बनवाया करते थे। उस पर रिजल्ट अपलोड करते थे। पुलिस को खैर, अलीगढ़ निवासी होशियार सिंह की तलाश है। वह गैंग का सरगना है।
फतेहाबाद निवासी रिंकू, छोटेलाल और रविंद्र के साथ ठगी हुई थी। वर्ष 2018 में मथुरा में आयोजित सेना भर्ती रैली में दो शातिर उनसे टकराए थे। कोलकाता में भर्ती के नाम पर तीनों युवकों को जाल में फंसाया था। 2.40 लाख रुपये ठगे थे। फर्जी वेबसाइट पर पास का रजिल्ट दिखाकर 12 लाख रुपये और मांगे थे। पीड़ित युवकों ने इस बार शातिरों को अपने जाल में फंसाया। आगरा में भर्ती होने के लिए उनसे फोन पर संपर्क किया। रुपये देने के लिए उन्हें कमला नगर बुलाया। वहां दबोच लिया। पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कमला नगर इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सवा साल पहले हुई ठगी का मामला सामने आया था। पीड़ितों ने बागपत निवासी सुनील तोमर और अजय कुमार को पकड़ा था। पूछताछ में खैर, अलीगढ़ निवासी होशियार सिंह का नाम भी सामने आया। उसकी तलाश की जा रही है। अजय और सुनील को जेल भेज दिया गया है। पीड़ित युवकों की तहरीर पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।