वसीम रिजवी के बयानों से खफा हुए बरेलवी के उलेमा, दरगाह आला हजरत से उठी गिरफ्तारी की मांग

ulema of barelvi angry with wasim rizvi statements demands arrest from dargah ala hazrat

शिया वक्‍फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी द्वारा दायर जनहित याचिका और उनके बयानों को लेकर बरेलवी मुस्लिम समुदाय में भारी नाराज़गी है। सुन्नी बरेलवी मरकज ने खासी नाराजगी जाहिर की है। दरगाह आला हजरत से जुड़े तमाम संगठन, उलेमा ने वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। वे उन्हें इस्लाम से खारिज करने की बात भी कह रहे हैं। शनिवार को शहर से लेकर गांवों में पंचायत कर लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किए गए । 

ऑल इंडिया जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खां कादरी ने शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की याचिका को पब्लिसिटी स्टंट बताया है। नाराजगी जताते हुए कहा कि यह याचिका राजनीतिक लाभ लेने के लिए दी गई है। कुरान की किसी आयत में बदलाव के बारे में सोचना तो दूर इसके एक बिंदु तक में संशोधन नहीं हो सकता है। 

दुनियाभर के मुसलमान संपर्क कर रहे
उन्होंने बताया कि दुनिया भर के मुस्लिम देशों के लोग मरकज से संपर्क कर रहे हैं। वसीम रिजवी का इस्लामिक देशों में भी विरोध हो रहा है। हम सरकार से मांग करते हैं कि वसीम रिजवी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। 

देश का माहौल बिगाड़ रहे
दरगाह आला हजरत से जुड़े मुफ्ती गुलाम मुस्तफा रजवी ने कहा कि मुसलमानों के सभी वर्गों को इस मामले में विरोध कर सरकार को अवगत कराना होगा। वसीम देश का माहौल बिगाड़ने के लिए बयानबाजी और ऐसी हरकतें कर रहे हैं। आईएमसी के जिला अध्यक्ष नदीम खां,  मुनीर इदरीसी ने कहा कि वसीम रिजवी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा।

इस्लाम को बदनाम किया
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के कार्यकारिणी सदस्य कलीम हैदर नकवी ने कहा कि 26  आयतें  हटाना तो दूर की बात है कुरआन से एक शब्द या एक नुक्ता (बिंदु) भी नहीं निकाला जा सकता है। वसीम रिजवी जैसे लोगों ने इस्लाम को बदनाम किया है। शिया सुन्नी समुदाय में टकराव कराने की कोशिश  की जा रही है। वसीम रिजवी की इस हरकत की निंदा करते हैं। इस मौके पर यूसुफ रजा रिजवी, मौलाना सैयद सैफ  अली जैदी, सैयद सरवर नकवी आदि ने भी विरोध किया।