
राजधानी दिल्ली में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी हैं। जिसके तहत शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस वजह से रविवार दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन सोमवार से दिल्ली में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखने जा रही है। जिसके तहत सोमवार से दिल्ली का पारा एक बार फिर बढ़ने जा रहा है।
दिल्ली प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। तो वहीं रविवार को अधिकतम तापमान तकरीबन एक डिग्री की गिरावट के साथ 31.2 डिग्री रहा है। केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। इस वजह से दिन में अधिक गर्मी नहीं पड़ रही है, लेकिन सोमवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी।
दो दिन में 3 डिग्री चढ़ेगा पारा, गुरुवार को 35 डिग्री तक रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से दिल्ली के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। जिसे तहत मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो रविवार को दर्ज अधिकतम तापमान की तुलना में 3 डिग्री अधिक होगा। वहीं गुरुवार तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री को पार कर सकता है।
तापमान के साथ ही बढ़ेगा प्रदूषण
राजधानी दिल्ली में सोमवार से जहां तापमान बढ़ने जा रहा है। वहीं प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को राजधानी दिल्ली की समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 209 दर्ज किया गया। जिसे खराब की श्रेणी में रखा जाता है। वहीं पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के प्रदूषण निगरानी संस्थान सफर के मुताबिक मौजूदा समय में प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा का प्रभाव बेहतर था, लेकिन आने दिनों में हवा की गति कम होगी। इस वजह से प्रदूषण की स्तर में बढ़ोतरी की संभावना है।