बढ़ गए मतदान केन्द्र और बूथ, होंगी ये सुविधाएं

यूपी पंचायत चुनावों में इस बार 14 मतदान केन्द्र और 28 बूथ और बढ़ गए हैं। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि कई बूथों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ गई थी। ऐसे में उनको दो हिस्सों में बांट दिया गया।

जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव के लिए इसके पूर्व 626 मतदान केन्द्र और 1748 बूथ निर्धारित किए थे। आठों ब्लॉक और पांचों तहसीलों की समीक्षा के बाद यह पता चला कि कई बूथ ऐसे हैं जहां मतदाताओं की संख्या 800 से अधिक हो गई है। कहीं पर यह संख्या 1200 तो कहीं पर 1300 पाई गई। ऐसे में जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने निर्देश दिया कि ऐसे बूथों को दो हिस्सों में बांट दिया जाए। यह कार्य अब पूरा हो गया है। अब जिले में पंचायत चुनाव 640 मतदान केन्द्रों और 1776 बूथों पर होंगे।

एडीएम एफआर विपिन मिश्रा ने इन बूथों पर न्यूनतम सुविधाएं जुटाने के लिए निर्देश दिए हैं। इनमें मतदान केन्द्र तक जाने के लिए सड़क, मतदान केन्द्र में निर्बाध बिजली सप्लाई, साफ पानी की सप्लाई, सुरक्षा के लिए बाउंड्री, सही स्थिति में खिड़कियां और दरवाजे का होना शामिल है। निर्देश यह भी दिया गया है कि मतदान केन्द्र और बूथ के लिए चिह्नित स्थान पर संबंधित अधिकारी निरीक्षण करेंगे। जहां न्यूनतम सुविधाएं नहीं होंगी उनकी सूची तैयार कर सुधार करवाएंगे। इसकेलिए सभी विभागों को सहयोग करना होगा।