सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक का हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक लिटाया, कई टुकड़ों में बंटा शरीर

आगरा में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां फतेहपुरसीकरी के गांव मंगोली कलां निवासी 18 वर्षीय अर्चित पचौरी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। गले में रस्सी का फंदा कसा गया। रेलवे लाइन पर उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। ऊपर से ट्रेन गुजर गई। इससे उसका शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। जेब में रखे मोबाइल से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने शक के आधार पर दंपति और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। फिलहाल हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ है। छानबीन चल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम कहानी का लग रहा है।

हत्याकांड की जानकारी परिजनों को शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे हुई। ताऊ हरस्वरूप पचौरी ने बताया कि अर्चित आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। साथ ही वह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। शनिवार शाम करीब छह बजे वह अकेला ही दौड़ने चला गया। देर शाम तक नहीं लौटा। सात बजे उसके मोबाइल पर कॉल किया तो स्विच ऑफ था। परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रात दस बजे अर्चित के ही मोबाइल से पुलिस का फोन आया।

पुलिस ने घरवालों को आगरा फोर्ट बयाना रेल खंड पर नगला जग्गे के समीप रेलवे लाइन पर बुलाया। यह जगह गांव मंगोली कलां से तीन किलोमीटर दूर है। परिजन मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर जवान बेटे के शव के टुकड़े देखकर पिता हरीबाबू पचौरी गश खाकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें संभाला। बताया कि एक मालगाड़ी के चालक ने गाड़ी रोककर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी थी। परिजनों ने बताया कि रविवार को अर्चित का जन्मदिन था।

सीओ अछनेरा महेश कुमार के अनुसार युवक के हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। प्रारंभिक जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम कहानी का लग रहा है। पुलिस जल्द हत्याकांड का खुलासा करेगी।

मंदिर की रस्सी से बांधे गए थे हाथ-पैर
गांव मंगोली कलां में एक मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पाड़ बांधने के लिए रस्सी रखी हुई है। उसी रस्सी से अर्चित पचौरी के हाथ-पैर बांधे गए थे। गले में भी उसी रस्सी का फंदा था। पुलिस और परिजन यही आशंका जता रहे हैं कि हत्याकांड के तार गांव से ही जुड़े हुए हैं। पुलिस अर्चित के तीन दोस्तों से पूछताछ कर रही है। देर रात एसपी देहात पश्चिम सत्यजीत गुप्ता और सीओ अछनेरा महेश कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए।

जिंदा ही रेलवे लाइन पर फेंका
सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि अर्चित की मौत ऊपर से ट्रेन गुजरने के कारण हुई है। उसके हाथ-पैर कट गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चली है। गले में फंसा फंदा मारपीट के दौरान कसा गया होगा। यह भी हो सकता है कि गले में रस्सी बांधकर उसे घसीटा गया हो। गले में डाले फंदे के कारण उसकी मौत नहीं हुई थी।