तकनीकी खराबी के चलते जयपुर भेजा गया दिल्ली आ रहा इंडिगो विमान, सहमे यात्री

indigo atr 72 flight

दिल्ली आ रहे इंडिगो के एक विमान को तकनीकी खराबी के चलते शुक्रवार रात जयपुर भेजा गया। दो घंटे बाद जयपुर से उस विमान को वापस दिल्ली लाया गया। लेकिन इस बीच विमान में बैठे यात्रियों में दहशत का माहौल था। कुछ यात्री तो जयपुर उतरकर अन्य साधनों से दिल्ली पहुंचे। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। 

जयपुर हवाईअड्डे पर यात्रियों ने हंगामा भी किया। खासकर बच्चों व बुजुर्ग यात्रियों को विमान में काफी देर तक बैठा रहना पड़ा। जानकारी के मुताबिक जयपुर से इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2143 ने शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दिल्ली हवाईअड्डे के लिए उड़ान भरी। विमान में करीब 140 यात्री थे। 

यात्रियों के मुताबिक दिल्ली आते हुए विमान में काफी कंपन होना शुरू हो गया और उसमें से तेज आवाज आने लगी। रात करीब 8.35 बजे विमान को दो बार दिल्ली हवाईअड्डे पर उतारने का प्रयास किया गया। लेकिन पायलट इसमें सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान को जयपुर ले जाया गया।

नोएडा निवासी यात्री सुनील गुप्ता के मुताबिक रात करीब 10.30 बजे जयपुर पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। ज्यादातर यात्री इस विमान से दोबारा दिल्ली जाने से डर रहे थे। लिहाजा एयरलाइंस कर्मियों ने काफी देर तक सुरक्षा का बहाना बनाकर उन्हें विमान से उतरने नहीं दिया। इसे लेकर यात्रियों ने वहां जमकर हंगामा किया। जिसके बाद अन्य साधन से जाने वाले यात्रियों को विमान से उतारा गया। जबकि अन्य को उसी उड़ान से आधी रात को वापस भेजा गया।