भाजपा की जनविरोधी नीतियों का होने लगा पर्दाफाश : अखिलेश

akhilesh yadav

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश होने लगा है। प्रभावित करने के लिए तथाकथित योजनाओं का जनसामान्य पर अब उसका कोई असर नहीं होने वाला है। वर्ष 2022 से पहले समय रहते भाजपा का चरित्र, चाल और चेहरा सभी की पहचान में आ गया है।

अखिलेश ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में कन्या विवाह योजना का बड़ा प्रचार किया जाता है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आवेदन के बाद अनुदान के लिए गरीब माता-पिता तीन सालों से भटक रहे हैं। दफ्तरों में उलझी फाइल, कर्ज तले बिखर रहा गरीब का संसार। अकेले आगरा में 600 से ज्यादा परिवारों का कन्या विवाह योजना का अनुदान रूका हुआ है। गरीब पर सरकारी मार भारी पड़ रही है।

प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था का भी भाजपा राज में बुरा हाल है। शिक्षकों की भर्ती लगातार विवाद का विषय रही है। इन दिनों शिक्षकों को स्कूल के भवन निर्माण, मिड-डे मील आदि की व्यवस्था से भी जोड़ दिया गया है। एक शिक्षक के पास 10-10 स्कूलों की जिम्मेदारी से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति को लांछित करने में खुद उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगी ही जुट गए हैं। मंच से महिला सुरक्षा और सम्मान के तमाम झूठे दावे किए जाते हैं और पीठ पीछे महिला के सम्मान को ही तार-तार किया जाता हैं। पिंक बूथ, महिला थाना भी जब कोई पीड़ित महिला ही शिकायत करती है कि उसकी मदद के बजाय उसे अपमानित किया जाता है। पीड़ित महिला को और परेशानी में फंसा दिया जाता है।