कचहरी में वकीलों ने चलाया सफाई अभियान

गाजियाबाद। कचहरी परिसर में बार एसोसिएशन ने शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया। नगर निगम की टीम के सहयोग से कचहरी परिसर में मुख्य मार्ग और वकीलों के चेंबरों की गलियों में करीब तीन घंटे तक अभियान चला।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष मुनीश त्यागी और सचिव मनमोहन शर्मा ने बताया कि कचहरी में करीब दो माह से हर शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस शनिवार को भी सवेरे तीन घंटे तक अभियान चला। नगर निगम की टीम ने कचहरी के दोनों मुख्य मार्ग से लेकर अधिवक्ताओं के सभी ब्लॉक में स्थित चेंबरों की गलियों में सफाई की। विशेष सफाई अभियान से पूरे कचहरी परिसर को चमकाया गया।