नेटवर्क ने कांग्रेसियों को रुलाया, ब्लाक अध्यक्षों को प्रियंका गाधी ने मोबाइल से किया संबोधित

कांग्रेस के पूर्वीं जोन के 155 ब्लाक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी को संबोधित करना था। वर्चुअल संबोधन में नेटवर्क की समस्या को देखते हुए प्रियंका ने कांग्रेसियों को मोबाइल से संबोधित किया।

गोला स्थित वीएसएवी पीजी कालेज में चल रहे प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन शनिवार को ही प्रियंका गांधी को वर्चुअल संबोधन करना था। लेकिन नेटवर्क के कारण संबोधन नहीं हो सका। इसके बाद रविवार को संबोधन की बात कही गई थी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वर्चुअल संबोधन का कार्यक्रम रविवार को होगा। इसके पीछे तकनीकी गड़बड़ी की बात कही गई। लेकिन रविवार को भी वर्चुअल संबोधन नहीं हो सका तो मोबाइल से प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

प्रियंका ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि केन्द्र और यूपी की सरकार पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। ऐसे में गरीब, किसान, नौजवानों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को गरीबों की आवाज बनना होगा। 

उन्होंने कहा कि सरकार पूंजीपतियों के लिए कार्य कर रही है। इस कारण सर्वाधिक परेशान सबसे गरीब व पिछड़ा वर्ग है। महिलाओं और गरीबों को पूछने वाला कोई नहीं है। किसानों के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रियंका ने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। खेत में खड़ी फसल को छुट्टा पशु बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती पर सर्वाधिक जोर दिया। उन्होंने शिविर में शामिल कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर ब्लाक अध्यक्ष मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा। मैं आपके साथ सदैव खड़ी हूं।