भाजपा आज मिशन 2022 के लिए तय करेगी रणनीति, पार्टी के एजेंडे में कौन-कौन होगा शामिल

bjp

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सोमवार को लखनऊ में होगी। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे और समापन शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा मुख्यालय में रविवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मिशन-2022 के मद्देनज़र रणनीति बनाई गई। इसे कार्यसमिति में सदस्यों के समक्ष रख कर विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी ताकि पंचायत चुनावों के साथ ही तमाम चुनौतियों के बीच मिशन-2022 में भी पार्टी फिर से सत्ताशीन हो सके।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल के नेतृत्व में रविवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश भर से आए सभी पदाधिकारियों ने शिरकत की। इसमें सबसे पहले पंचायत चुनावों के लिए ग्रामीण इलाकों में पार्टी की रणऩीति पर चर्चा की गई। पार्टी ने पंचायत चुनाव पूरी प्रतिबद्धता से लड़ने पर जोर दिया। साथ ही अनुशासन पर ध्यान देने की बात हुई। साथ ही विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति पर भी खुलकर चर्चा हुई। कार्यसमिति स्थल पर पार्टी के सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर-बुन्देलखण्ड से आने वाले प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों के पंजीकरण के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। साथ ही भोजन, पेयजल, मंच व्यवस्था व मीडिया की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को दी गई है। आवास व परिवहन के लिए भी पार्टी द्वारा विशेष प्रबंध किये गये है। आवश्यकता पड़ने पर कार्यकर्ताओं को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्यसमिति स्थल पर हेल्थ कैम्प का प्रबंध भी पार्टी द्वारा किया गया है।

पार्टी की होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व रविवार को लखनऊ में प्रदेश सरकार के मंत्रियों एवं अन्य प्रमुख नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और पुष्पाजंलि अर्पित की। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन गोपाल ने रविवार को शहीद स्मारक व कारगिल पार्क, ब्रजेश पाठक ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल हास्पिटल), डा. महेन्द्र सिंह व कैण्ट क्षेत्र से विधायक पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा (केकेसी चारबाग) एवं हुसैनगंज स्थित महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने हजरतगंज स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर व अवंती बाई लोधी जी की प्रतिमा पर, मोहसिन रजा ने सिकन्दर बाग स्थित उदादेवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल ने महाऋषि पंच सुदर्शन व चौक स्थित बाल्मीकि जी प्रतिमा पर माल्यार्पण-पुष्पाजंलि अर्पित की। राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने लालबाग स्थित सुहेलदेवजी  और विधायक नीरज बोरा ने हजरतगंज स्थित सरदार बल्लबभाई पटेलजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पाजंलि अर्पित की। लखनऊ में अन्य स्थानों पर भी शहीदों व महापुरूषों की प्रतिमाओं पर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व पार्षदों ने माल्यार्पण व पुष्पाजंलि अर्पित की।