झांसी में सिरफिरे ने मचाया तांडव: पहले क्‍लास में पढ़ रहे छात्र फिर घर जाकर छात्रा को मारी गोली, एक की मौत

उत्‍तर प्रदेश के झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कालेज में एक सिरफिरे ने क्‍लास रूम में पढ़ रहे छात्र को गोली मार दी। इसके बाद उसने घर जाकर एक छात्रा को भी गोली मार दी। गोली लगने से घायल छात्र और छात्रा को आनन-फानन में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया जहां छात्रा ने दम तोड़ दिया। छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है। 

मिली जानकारी के अनुसार जिस छात्र को गोली लगी है उसका नाम हुकुमेंद्र सिंह गुर्जर है। वह मथुरा के कोसी कला का रहने वाला है। वह बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज का छात्र है। शुक्रवार की दोपहर वह क्लास में पढ़ाई कर रहा था। इसी बीच एक साथी छात्र ने क्लास में आकर उसे गोली मार दी। इस घटना से कालेज में हड़कंप मच गया। छात्र को गोली मारने के बाद वह सिरफिरा मिशन कंपाउंड पहुंचा। वहां उसने अपने घर के सामने मौजूद छात्रा कृतका को गोली मार दी।

गोली मार कर भाग रहे सिरफिरे छात्र को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हुकुमेंद्र और कृतका को इलाज के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद कृतका ने दम तोड़ दिया। हुकुमेंद्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। 

आरोपी के पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद

इस मामले में एसएसपी झांसी ने बताया कि बुंंदेलखंड डिग्री कालेज में पढ़ने वाले छात्र ने अपने ही क्लास के लड़का-लड़की को गोली मारी है। पहले उसने अपने क्लासमेट उपेंद्र को सिर में गोली मारी और फिर बाजार जाकर अपनी क्लासमेट लड़की को गोली मार दी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ चल रही है और उसके बाद ही इस वारदात की वजह पता चल सकेगी। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसमें लड़की की मौत हो गई है।