संपत्ति लीज पर लेकर कब्जा, मांगी एक करोड़ की रंगदारी

 गाजियाबाद। हरगोविंद एंक्लेव विकास मार्ग स्थित एक इमारत का बेसमेंट लीज पर लेने के बाद कब्जाने का मामला सामने आया है। यह संपत्ति दो बुजुर्गां के नाम है। दोनों ने कविनगर कोतवाली पुलिस में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता रेखा उपाध्याय ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी व भूपेंद्र सिंह की विकास मार्ग पर एक संपत्ति है। जिसे 31 जनवरी 2016 में उन्होंने यंगिस्तान बिजनेस सोलूशन कंपनी के निदेशक संदीप गोयल को तीन साल के लिए लीज पर दिया था। इसका किराया 60 हजार रुपये प्रतिमाह तय हुआ था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी शुरू से ही किराया देने में आनाकानी करते थे। लीज का समय खत्म होने के समय भी छह माह का किराया बाकी था। उस समय आरोपियों ने हालत खराब होने का हवाला देते हुए छह माह की मोहलत मांग ली। फिर छह महीने बाद आरोपी ने उनसे बातचीत करना बंद कर दिया। छह फरवरी 2021 को वह अपनी संपत्ति पर पहुंचे तो पता चला कि उसमें कोई विक्की नामक व्यक्ति द्वारा हुक्का बार चलाया जा रहा है। उन्होंने विक्की से संपर्क किया तो आरोपी ने उन्हें इस संपत्ति को भूल जाने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि आरोपी संदीप गोयल और विक्की ने उनके घर पर उनके साथ धक्कामुक्की भी की। आरोपियों ने संपत्ति वापसी के लिए एक करोड़ की रंगदारी मांगी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।