सामूहिक विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


harsh firing

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हसायन क्षेत्र के गांव बनवारीपुर में सामूहिक विवाह समारोह के वक्त दो लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियारों से हर्ष फायरिंग कर डाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

हसायन क्षेत्र के गांव बनवारीपुर में हर साल प्रमुख समाजसेवी अवधेश कुमार सिंह गरीब कन्याओं की शादी कराते हैं। भागवत कथा का आयोजन होता है। शुक्रवार को भागवत कथा के लिए देवकीनंदन महाराज को बुलाया गया। दोपहर में वहां ग्यारह जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम चल रहा था। देवकीनंदन महाराज शादी की रस्म पूरी करा रहे थे। दूल्हों का तिलक कर रहे थे। बैंडबाजा बज रहा था। इस दौरान दो लोगों ने हर्ष फायरिंग करना शुरू कर दिया। दोनों ही लोगों ने तीन-तीन राउंड फायर किये। उसी वक्त तमाम लोग अपने-अपने मोबाइल फोन से कार्यक्रम की वीडियो बना रहे थे। हर्षफायरिंग करते हुये लोग वीडियो में कैद हो गये। शनिवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जैसे ही मामला पुलिस तक पहुंचा तो आला अधिकारियों के आदेश पर एसओ हसायन ने हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो लोग हर्ष फायरिंग करते हुये दिख रहे हैं। उसी आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। एसओ हसायन को जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।- सुरेन्द्र सिंह, सीओ सिकंदराराऊ।