Happy New Year 2021: देश में नए साल ने दी दस्तक, इस अंदाज में हुआ 2021 का स्वागत
happy new year 2021

घड़ी में 12 बजने के साथ ही देश में नए साल (Happy New Year 2021) का आगाज हो गया। इसके साथ ही लोगों ने नए साल के स्वागत में आतिशबाजी की।इससे पहले दुनिया के कई देशों में जश्न और आतिशबाजियों के साथ नए साल का वेलकम किया। सभी लोग अपने-अपने तरीकों से 2020 को विदा कर रहे हैं और आने वाले साल 2021 की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। 2020 दुनियाभर के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। अब 2021 को आशा भरी नजरों से देखा जा रहा है। पूरी दुनिया में नए साल का जश्न अलग-अलग समय पर मनाया जा रहा है। नए साल 2021 ने सबसे पहले आर्कटिक देश टोंगा में कदम रखा है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी दस्तक हो चुकी है।

वहीं, कोविड-19 के मद्देनजर नव वर्ष के मौके पर लोगों के बड़े पैमाने पर जमा होने से रोकने के लिए देश के कई राज्यों में पाबंदी लगाई गई है। राज्य सरकारों ने एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाए हैं। हालांकि कोरोना के मामले में देश में कमी आई है। संक्रमितों की संख्या भी कम हुई।

- Happy New Year 2021 live Updates

ओडिशा में 31 दिसंबर की रात को कर्फ्यू
ओडिशा सरकार ने कोविड-19 के मद्देनजर नव वर्ष के मौके पर लोगों के बड़े पैमाने पर जमा होने से रोकने के लिए गुरुवार रात 10 बजे से कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) पीके जेना ने बताया कि यह पाबंदी शुक्रवार सुबह पांच बजे तक लागू रहेगी। एसआरसी ने ट्वीट कर बताया कि ओडिशा सरकार पूरे राज्य में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा रही है। आम लोगों से सहयोग करने का अनुरोध किया जाता है। सभी आवश्यक सेवाओं और जरूरी परिचालन को कर्फ्यू के दौरान अनुमति होगी। उन्होंने राज्य में कोविड-19 के नए मामलों में आ रही कमी के बावजूद लोगों से एहतियाती उपायों का अनुपालन करने का आह्वान किया।

पश्चिम बंगाल में रात का कर्फ्यू नहीं लगेगा
पश्चिम बंगाल में नववर्ष की पूर्व संध्या पर रात में कर्फ्यू नहीं लगेगा, क्योंकि राज्य में हालात प्रतिकूल नहीं हैं। राज्य के शीर्ष अधिकारी ने इस बारे में बताया। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार हालांकि इस अवसर पर लोगों के जमावड़े को रोकने के लिए हर एहतियाती उपाय करेगी। बंदोपाध्याय ने कहा कि मौजूदा हालात ऐसे नहीं हैं कि रात का कर्फ्यू लगाया जाए। उन्होंने बुधवार को कहा, पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर नववर्ष के जश्न के लिए आयोजन किया जा रहा है। अगर लोग कोविड-19 के दिशानिर्देशों और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करेंगे और पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग करेंगे तो भीड़ से बचा जा सकता है।

जश्न को देखते हुए मुंबई पुलिस काफी सतर्क
नववर्ष पर मनाए जाने वाले जश्न के मद्देनजर मुंबई पुलिस 'हाई अलर्ट पर है और किसी भी अप्रिय घटना तथा आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई की सड़कों पर करीब 35,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी एस चैतन्य ने कहा, हम लोग बेहद चौकसी बरत रहे हैं। नववर्ष पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना और संभावित आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं।

- नए साल के जश्न को देखते हुए दिल्ली के कनॉट प्लेस में एहतियातन बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। राजधानी में आज (31 दिसंबर) और 1 जनवरी को नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

नए साल की पूर्व संध्या पर राजधानी दिल्ली के खान मार्केट इलाके को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया।

महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन और बीएमसी बिल्डिंग कुछ इस तरह से जगमग करती हुई नजर आई। हालांकि, महाराष्ट्र में इस साल कोरोना वायरस के चलते पहले की तरह जश्न मनाने की इजाजत नहीं दी गई है।

- गोवा में भी लोग नए साल की तैयारियों में लग गए हैं। नए साल के एक दिन पहले की शाम में लोग समुद्र के किनारे लुत्फ उठाते हुए दिखाई दिए।

ऑस्ट्रेलिया में भी नया साल आ गया है। देशभर में कई जगह लोग जश्न मना रहे हैं और आतिशबाजी कर रहे हैं।

- न्यूजीलैंड में न्यू ईयर 2021 ने दस्तक दे दी है। पूरे देश में आतिशबाजी करके नए साल का स्वागत किया गया।

- 2020 को सबसे ज्यादा नकारात्मक कोरोना वायरस की वजह से माना जाता है, कई लोगों का कहना है कि ये पूरा साल ही कोरोना की वजह से खराब हो गया। इसलिए अब लोगों को 2021 से बहुत उम्मीदें है। 2021 का खास इंतजार इसलिए भी है कि नए साल में लोगों को कोरोना वैक्सान के नाम को तोहफा भी मिल सकता है। असल में ऐसी उम्मीद है कि भारत में नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीयों को कोविड-19 वैक्सीन दी जा सकती है।

- दिल्ली में नाइट कर्फ्यू

-देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना को देखते हुए पहले ही नए साल के जश्न को लेकर गाइडलाइन्स जारी कर दी हैं। नए साल की पूर्व संध्या पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस सड़कों पर मुस्तैद रहेगी। कनॉट प्लेस समेत प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए हैं। 31 दिसंबर को रात 8 बजे के बाद से कनॉट प्लेस में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग की जगह तय की गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर आवाजाही करने वाले चालकों के लिए मार्ग चिह्नित हैं।

- दिल्ली मेट्रो की गाइडलाइन्स

- नए साल की पूर्व संध्या (31 दिसंबर) पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बुधवार को एक नई गाइडलाइंस तैयार की है। दिल्ली मेट्रो की नई गाइडलाइंस के मुताबिक, गुरुवार रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को गाइडलाइंस के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।