पीडब्ल्यूडी बनाएगा कुकरैल नाले पर दो पुल

जाम से राहत

- शासन ने पुल निर्माण के लिए 2325.02 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी

- महानगर, कपूरथला से आने जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी

लखनऊ। पीडब्ल्यूडी सर्वोदय नगर से रहीमनगर के बीच कुकरैल नाले पर दो-दो अलग पुल बनाएगा। शासन ने पुल निर्माण के लिए 2325.02 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी, जिसकी पहली किस्त 581.25 लाख रुपये जारी कर दी गई। इस संदर्भ में उत्तर प्रदेश शासन में उप सचिव राजेश कुमार अग्रवाल ने लोकनिर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष को पत्र लिखा है। प्रस्तावित पुल बनने से महानगर, कपूरथला, अलीगंज, जानकीपुरम, रहीम नगर, मड़ियांव तथा बख्शी का तालाब व सीतापुर से आने जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि कुकरैल नाले पर एक संकरा पुल होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी असुविधा होती है। वहीं कुकरैल फ्लाईओवर चालू होने के कारण सर्वोदयनगर बंधा किनारे वाहन चालकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। इस पुल से होकर ही लोग महानगर जाते हैं, लेकिन पुल की हालत काफी जर्जर है। इसलिए सर्वोदयनगर बंधे पर दो लेन के दो नये पुल बनाये जाएंगे। एक पुल पुराने पुल के बगल में बनेगा। इसके अलावा दूसरा पुल 50 मीटर की दूरी पर बनेगा। वहीं सेतु निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने लोकनिर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (सेतु) को पत्र लिखकर प्रस्तावित कुकरैल नाले पर दो अलग-अलग पुल निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था लोकनिर्माण विभाग के स्थान पर सेतु निगम को नामित करने की मांग की।