आरोपी ठेकेदार ने कोरोना काल में निगम में मनाया था जन्मदिन

 गाजियाबाद। मुरादनगर श्मशान घाट हादसे के आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी की नगर निगम के कुछ अधिकारी और कर्मचारियों के साथ खूब नजदीकियां रही हैं। यही वजह है कि कोरोना काल में भी उसने नगर निगम में अपना जन्मदिन मनाया। सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है। उसमें अधिकारी और कर्मचारी उसे केक खिला रहे हैं। चर्चा है कि निगम में अजय का कोई काम नहीं रूकता था।

अजय त्यागी निगम में कई साल से ठेकीदारी कर रहा है। उसकी मैसर्स अजय त्यागी कंस्ट्रक्शन, माही कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स और कृष्णा एसोसिएट्स फर्म का पंजीकरण है। वह सात करोड़ के विभिन्न काम कर रहा था। उसने शिकरोड़ गांव में नाले का निर्माण कराया था। नाले का निर्माण करने में लापरवाही बरती गई। नाला बनने के बाद भी जल निकासी नहीं हो रही है। इससे नाराज लोग कई बार धरना और प्रदर्शन कर चुके। वार्ड-73 में नाले का निर्माण करा रहा था। उसकी भी शिकायत थी। इसी तरह अन्य जगह भी काम कराए जा रहे थे। महापौर ने उसकी फर्म द्वारा कराए गए सभी कार्यों की गुणवत्ता जांच करने के लिए नगर आयुक्त से कहा है। जिलाधिकारी ने उसकी सभी फर्म को काली सूची में डालने का आदेश दिया है। ठेकेदार अजय की निगम के कुछ अधिकारी और कर्मचारियों से नजदीकियां खूब चर्चाओं में रही है। इन दिनों सोशल मीडिया पर उसकी एक फोटो वायरल हो रही है। इसमें वह नगर निगम दफ्तर में अपना जन्मदिन मना रहा है। यह फोटो कुछ माह पहले की है। कोरोना काल में निगम दफ्तर में अधिकारी और कर्मचारी उसे केक खिला रहे हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता कि ठेकेदार का नगर निगम में इस कदर पैठ रही है। बहराहल, नगर आयुक्त उसके द्वारा कराए गए कार्यों की जांच करा रहे हैं। साथ ही उसके पार्टन संजय गर्ग के कार्यों की जांच भी शुरू हो गई है।