यूपी: प्रतापगढ़ में महिला से दुष्कर्म, सांसद प्रतिनिधि के रिश्तेदार पर एफआईआर









प्रतापगढ़ में महिला से एक सांसद प्रतिनिधि के रिश्तेदार समेत 4 लोगों ने दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद सांसद प्रतिनिधि के रिश्तेदार के खिलाफ दुराचार व धमकी की धारा में एफआईआर दर्ज की गई। सोमवार को पीड़िता का मेडिकल कराया गया।


नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला (30) रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे शौच को निकली थी। महिला का आरोप है कि गांव का आलोक उर्फ अतुल पाण्डेय उसे पकड़ कर नलकूप की ओर ले गया। उसके साथ दुराचार किया। उसके साथ तीन और लोगों ने दुष्कर्म किया। आलोक एक सांसद प्रतिनिधि का रिश्तेदार है। किसी तरह महिला घर पहुंची। उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस को गैंगरेप की सूचना दी गई तो एएसपी व सीओ सिटी फोर्स लेकर  गांव पहुंच गए। 


बताया जाता है कि महिला के साथ सांसद प्रतिनिधि सहित 4 लोगों ने दुष्कर्म किया। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है, लेकिन अभी वह इससे इनकार कर रही है। एसपी अनुराग आर्य का कहना है कि एक आरोपित के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।