सफाई कर्मचारियों का सिविक सेंटर पर प्रदर्शन

नई दिल्ली। दक्षिण निगम के सफाई कर्मचारियों ने निजीकरण व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को सिविक सेंटर में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया और आप के पार्षद चौथी मंजिल पर सभागार के समक्ष धरने पर बैठ गए। धरना प्रदर्शन के चलते स्थायी समिति की बैठक करीब सवा घंटे की देरी से शुरू हो सकी।निगम कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन संजय गहलोत ने कहा कि निगम प्रशासन की हठधर्मिता के चलते निगम सफाई कर्मचारियों को ठेकेदारी प्रथा पर काम कराने के लिए स्थायी समिति में प्रस्ताव लाया गया है। यह सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि निजीकरण संबंधी जानकारी देने के लिए तीनों निगम आयुक्तों को आयोग के समक्ष तलब किया गया है। बुधवार को दक्षिण निगम स्थायी समिति की बैठक 2.30 मिनट पर शुरू होनी थी, लेकिन सभागार के साथ सफाई कर्मचारियों के साथ आप पार्टी के पार्षद धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल के अलावा विधायक कुलदीप, रोहित महरोलिया सहित पार्षद भी शामिल थे।