मुनाफे का झांसा दे तीन करोड़ रुपये की ठगी

गाजियाबाद | जालसाजों ने शहर के एक वकील को बीमा कंपनी में मोटे मुनाफे का लालच देकर करीब तीन करोड़ रुपये ऐंठ लिए हैं। सिहानी गेट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।सुरेश यादव ने शिकायत में बताया है कि फरवरी 2013 में वैभव शर्मा नामक व्यक्ति उनके पास आया था। उसने बताया कि वह रिलायंस लाइफ इन्श्योरेंस में काम करता है। कंपनी में निवेश करने पर उन्हें पांच गुना फायदा होगा। उन्होंने वैभव शर्मा को 22.5 हजार का चेक दे दिया। इसके बाद उनके पास अलग-अलग नंबरों से कॉल आते रहे और वे खुद को कंपनी का अधिकारी बताते रहे। आरोपियों के कहने पर वह उनके खाते में रुपये जमा करते थे। हाल में उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। पहले तो आरोपियों के साथियों ने खुद को आरबीआई मुंबई से रिलीफ फंड विभाग से बताते हुए 5.5 लाख रुपये जमा कराने को कहा। इसके बाद उन्हें हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि उक्त लोगों ने उनसे करीब तीन करोड़ रुपये हड़प लिए हैं।