कार सवार बदमाशों ने आधे घंटे में तीन को लूटा









गाजियाबाद | गाजियाबाद के पॉश इलाकों में शामिल थाना कविनगर क्षेत्र में शुक्रवार को दिन निकलते ही हथियारबंद चार बदमाशों ने एक किलोमीटर के दायरे में लूटपाट की तीन घटनाओं को अंजाम दिया। करीब आधा घंटे में कार सवार बदमाशों ने एक महिला समेत तीन लोगों को निशाना बनाया। इनसे सोने का कड़ा, कंगन और चेन लूट ली। वारदात की सूचना पर पुलिस घटनास्थलों पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुट गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।जानकारी के अनुसार कविनगर निवासी रचिन सपरा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे रोज की तरह घूमने के लिए निकले। जैसे ही वह सी ब्लॉक में बीडीएस स्टोर के पास पहुंचे उन्हें सफेद रंग की कार में सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया और उनके हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा उतरवाने लगे। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। कड़ा नहीं उतरने पर बदमाशों ने उसे कटर से काट दिया और फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने लूट की जानकारी 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात करने लगी। इतने में ही बदमाश अपनी कार से राजनगर सेक्टर तीन पहुंच गए। बदमाशों ने सेक्टर तीन पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूरी पर घूमने निकले रमित कोहली को घेर लिया।


बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। फिर बदमाशों ने राजनगर के सेक्टर सात में एक महिला के हाथों से सोने के कंगन उतरवा लिए। यहां बदमाशों ने महिला के शोर मचाने पर गोली चलाने की धमकी दी। जिससे डरकर महिला ने बदमाशों का विरोध नहीं किया। वहीं, शास्त्री नगर में भी एक महिला से लूटपाट हुई, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस लूट के मामलों की जांच में जुट गई है।