क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

अंबुबाची शब्द 'अंबु' और 'बाची' शब्दों को मिलाकर बना है। अंबु का अर्थ है पानी और बच्ची का अर्थ है उत्फूलन। यह मेला उस समय लगता है जब मां कामाख्या रजस्वला रहती हैं। अंबुबाची योग पर्व के दौरान मां भगवती के गर्भगृह के कपाट स्वतः ही बंद हो जाते हैं। इस दौरान उनके दर्शन निषेध हो जाते हैं। तीन दिनों के बाद मां भगवती की रजस्वला समाप्ति पर उनकी विशेष पूजा एवं साधना की जाती है। चौथे दिन ब्रह्म मुहूर्त में माता को स्नान करवाकर श्रृंगार के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खोला जाता है।
प्रसाद में दिया जाता है गीला कपड़ा
मां भगवती का योनीमुद्रापीठ दस सीढ़ी नीचे एक गुफा में स्थित है। यहां हमेशा एक अखंड दीपक जलता रहता है। अंबुबाची मेले के दौरान भक्तों को प्रसाद के रूप में एक गीला कपड़ा दिया जाता है। इसे अंबुबाची वस्त्र कहते हैं। ऐसी मान्यता है कि देवी के रजस्वला होने के दौरान देवी की प्रतिमा के आसपास एक सफेद कपड़ा बिछा दिया जाता है। तीन दिन बाद जब मंदिर के कपाट खोले जाते हैं तो वस्त्र माता में रज से लाल हो जाता है। बाद में इसी वस्त्र को भक्तों में प्रसाद के रूप में दिया जाता है। मान्यता है कि जिस भी भक्त के हाथ में प्रसाद आता है उसके सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। दूर-दूर से लोग यहां माता के दर्शन करने और माता का प्रसाद लेने के लिए इस मेले में शामिल होते हैं। ऐसा माना जाता है कि जिस भक्त को यह कपड़ा मिलता है उसकी किस्मत बदल जाती है।