क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

साहिबाबाद। क्राइम ब्रांच और इंदिरापुरम कोतवाली पुलिस की बृहस्पतिवार रात कनावनी पुलिया-वैशाली मार्ग पर वसुंधरा में वाहन चोर गिरोह के सरगना से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से घायल वाहन चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार हुआ। उसकी पत्नी गिरोह में शामिल है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कनावनी पुलिया के पास क्राइम ब्रांच व इंदिरापुरम कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान स्विफ्ट कार सवार संदिग्ध को रूकने का इशारा किया। वह कनावनी पुलिया-वैशाली मार्ग की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। इस दौरान उसका नियंत्रण बिगड़ गया। कार झाड़ियों की ओर चली गई। वह कार से उतर कर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इससे उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान ग्राम सिलाना थाना छपरौली जिला बागपत के लोकेश उर्फ लोकेंद्र के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि इनदिनों वह शताब्दी नगर परतापुर मेरठ में रहता था। उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या की कोशिश, डकैती, गैंगस्टर आदि के 29 मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से दिल्ली से कार, तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ।
पत्नी के साथ जाता था रेकी करने
अभय कुमार मिश्र ने बताया कि लोकेश बहुत ही शातिर है। उसने वाहन चोरी करने के लिए गिरोह बनाया है। उसमें उसकी पत्नी सविता भी शामिल है। वह सविता के साथ वाहनों की रेकी करने जाता था, ताकि रास्ते में पुलिस या आम आदमी उस पर शक न करे। पुलिस की गोली से घायल वाहन चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार के बाद साथियों के साथ जाकर वाहन चोरी करता था।
अलीगढ़ में बेच रहा था वाहन
अभय कुमार मिश्र ने बताया कि लोकेश कई सालों से चोरी कर रहा है। अब तक करीब डेढ़ सौ वाहन चोरी कर चुका है। पहले सोतीगंज, मेरठ में चोरी के वाहन बेचता था। वह बंद होने पर अब टप्पल, अलीगढ़ में वाहनों को बेचता था। वहां उससे वाहन खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चोरी के वाहन बेचने से जो पैसे मिलते थे, उसे पत्नी के बैंक खाते में जमा करता था। बाद में उससे निकाल कर गिराेह के सदस्यों को देता था। उसकी पत्नी का बैंक खाता भी सीज कराया जाएगा। उसके गिरोह के चार सदस्य पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। वह फरार चल रहा था।